नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। बुधवार देर शाम हुई मूसलधार बारिश के बाद शहर के कई क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। नालियों की सफाई नहीं होने और नालों पर पक्के अतिक्रमण के चलते बारिश का पानी सड़कों से होते हुए लोगों के घरों में घुस गया। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गुरुवार सुबह जैसे ही पानी कम हुआ, इंदिरा नगर, क्राउन सिटी क्षेत्र के निवासी सड़कों पर उतर आए और नगर पालिका के खिलाफ नाराजगी जताई।वार्ड क्रमांक 7 और 8 के रहवासी उषा दलवी सहित अन्य ने बताया कि क्षेत्र में करीब 10 से अधिक मकान मालिकों ने नालों पर पक्का अतिक्रमण कर दिया है, जिससे नालों की सफाई नहीं हो पा रही है और बरसात का पानी घरों में घुस रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में रात को कलेक्टर और सुबह नगर पालिका अध्यक्ष को भी सूचना दी गई।जनआक्रोश की सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा नगर पालिका टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। नालियों की सफाई और पानी निकासी का कार्य तत्काल प्रारंभ कराया गया।अध्यक्ष चोपड़ा ने बताया कि नालों पर अतिक्रमण करने वालों को दो दिन का समय दिया गया है, यदि उन्होंने अतिक्रमण नहीं हटाया तो नगर पालिका सख्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को तोड़ेगी।उन्होंने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बारिश के मौसम में जल निकासी बनी रहे इसके लिए नालों को अतिक्रमणमुक्त करना आवश्यक है। नगर पालिका का प्रयास है कि शहर को जल भराव की समस्या से जल्द निजात दिलाई जाए।







