Ads Slider

ठगी का शिकार हुई वृद्धा: भतीजे ने लीज के नाम पर 15 लाख में बेच दी जमीन, पीड़िता ने न्याय की लगाई गुहार

Mahendra Upadhyay
3 Min Read

नीमच।महेन्द्र उपाध्याय।नीमच तहसील क्षेत्र के ग्राम थडोली निवासी वृद्धा संतोषबाई पति गणपतलाल सुथार ने अपने भतीजे पर धोखाधड़ी कर कृषि भूमि बेच देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, उसका भतीजा आशीष पिता गोपाल सुथार निवासी थडोली ने विश्वासघात करते हुए उनकी कृषि भूमि को लीज पर देने का झांसा देकर तहसील कार्यालय ले गया। वहां उसने छलपूर्वक उक्त जमीन की रजिस्ट्री पुष्पाबाई पति जमनालाल राठौर निवासी थडोली के नाम पर करवा दी और करीब 15 लाख रुपये लेकर फरार हो गया।जिसकी शिकायत सोमवार को पीड़ित पक्ष द्वारा एसपी कार्यालय सहित कलेक्टर कार्यालय में भी की गई है,प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोषबाई और उनके पति गणपतलाल दोनों ही अशिक्षित हैं। उनके नाम से ग्राम थडोली में सर्वे नं. 100145 पर 0.25 हैक्टेयर कृषि भूमि दर्ज है, जिस पर वे वर्षों से खेती करते आ रहे हैं। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने अपने संसाधनों से खेत में कुआं भी खुदवाया है। इसी भूमि को भतीजे आशीष ने 5 साल की लीज पर देने की बात कहकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए।लेकिन बाद में पता चला कि उसने खेत की रजिस्ट्री स्थाई रूप से पुष्पाबाई के नाम कर दी है।19 जून 2025 को जब संतोषबाई व उनके पति खेत पर बोवाई के लिए पहुँचे, तो वहां मौजूद जमनालाल राठौर ने उन्हें खेत में प्रवेश करने से रोक दिया और कहा कि यह भूमि उन्होंने खरीदी है और रजिस्ट्री भी हो चुकी है। विरोध करने पर उन्होंने खेत में लगे खम्भे उखाड़ फेंके और मेड़ भी फाड़ दी। इतना ही नहीं, जब पीड़िता ने आशीष से फोन पर बात की तो उसने न केवल खेत बेचने की बात स्वीकार की, बल्कि धमकी भी दी कि यदि खेत पर गए तो जान से मरवा देगा।पीड़िता ने बताया कि उनके पास उक्त खेत के अलावा अन्य कोई जमीन नहीं है और यह ही उनकी आजीविका का एकमात्र साधन है। उनकी कोई संतान भी नहीं है। ऐसे में उक्त धोखाधड़ी ने उन्हें गहरे संकट में डाल दिया है। पीड़िता ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि भतीजे आशीष को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और उनके नाम की जमीन की रजिस्ट्री को निरस्त कर पुनः उन्हें न्याय दिलाया जाए।प्रकरण सामने आने के बाद से ग्रामीणों में भी आक्रोश का माहौल है, वहीं प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है।

Share This Article