Ad image

कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान को लेकर केंद्रीय पर्यवेक्षक भजनलाल जाटव का बड़ा बयान

Mahendra Upadhyay
3 Min Read

नीमच,।महेन्द्र उपाध्याय।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नीमच जिले के लिए नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षक और धौलपुर से सांसद भजनलाल जाटव रविवार को मीडिया से मुखातिब हुए। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए विशेष अभियान “संगठन सृजन मिशन” की विस्तार से जानकारी दी भजनलाल जाटव ने सागर मंथन को बताया कि यह अभियान कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूती देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।संगठन सृजन अभियान के तहत देशभर में 41 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं,जो विभिन्न जिलों में जाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन संवाद कर रहे हैं। इस अभियान का पहला चरण पंचायत स्तर पर संचालित होगा, जिसमें प्रत्येक पोलिंग बूथ पर कांग्रेस की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। जहां पार्टी की सक्रिय इकाई नहीं है, वहां नए सिरे से “ब्लू” यानी बूथ लेवल यूनिट का गठन किया जाएगा।उन्होंने कहा कि यह अभियान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की फर्जी मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने और संगठन को मजबूत करने का कार्य करेगा। दूसरे चरण में पंचायत स्तर पर कमेटियों का गठन किया जाएगा, जिसकी निगरानी संबंधित जिले के जिला कांग्रेस अध्यक्ष करेंगे। साथ ही, हाईकमान द्वारा गठित स्क्रीनिंग कमेटी में भी जिला अध्यक्षों को शामिल किया जाएगा।जाटव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जातिगत जनगणना से बच रही है, जो सामाजिक न्याय के खिलाफ है। उन्होंने यह भी कहा कि अफीम और डोडा चूरा का अवैध धंधा भाजपा शासित क्षेत्रों में फल-फूल रहा है।उन्होंने कांग्रेस के मिशन की जानकारी देते हुए कहा कि दलित, वंचित, पिछड़े और महिलाएं कांग्रेस की प्राथमिकता हैं। पार्टी चाहती है कि सभी वर्गों को समान अधिकार और सम्मान मिले। जाटव ने कहा कि संगठन सृजन अभियान का मुख्य उद्देश्य पार्टी के सच्चे और समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे लाना है और स्लीपर सेल जैसे तत्वों को बाहर का रास्ता दिखाना है।कांग्रेस नेता ने कहा कि लोकतंत्र और डेमोक्रेसी सिर्फ कांग्रेस में ही जीवित हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और भाजपा सरकार विवाहित महिलाओं के घर सिंदूर पहुंचाकर कौन सी राजनीति करना चाहती है, यह समझ से परे है
मीडिया वार्ता के दौरान भजनलाल जाटव के साथ पूर्व विधायक एवं जिला प्रभारी विजय गहलोत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया, लोकसभा प्रत्याशी दिलीप गुर्जर, पूर्व विधायक नंदकिशोर पटेल सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।जाटव ने विश्वास जताया कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस को नींव से मजबूत करेगा और पार्टी को आगामी चुनावों में बेहतर परिणाम दिलाएगा।

Share This Article