Ads Slider

टेस्ट ड्राइव के बहाने कार लेकर भागा युवक,मनासा में प्रेमिका ने बुलाकर करवाई पिटाई; इंदौर के 6 आरोपी हिरासत में

Mahendra Upadhyay
4 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले के मनासा में गुरुवार देर रात सरेआम मारपीट और गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंदौर के एक कार शोरूम से टेस्ट ड्राइव के बहाने वाहन लेकर फरार हुए युवक को शोरूम संचालक और उसके साथियों ने योजनाबद्ध तरीके से पकड़कर लाठियों से बेरहमी से पीट दिया। घटना के दौरान युवक सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ा रहा, जबकि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। पुलिस ने मामले में तीन महिलाओं सहित छह आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के गांव देवरी निवासी 35 वर्षीय प्रकाश पिता नाथूलाल नायक 7 अप्रैल को इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित ‘डेली ऑटोडील’ शोरूम पहुंचा था। यहां उसने टेस्ट ड्राइव के नाम पर कार मांगी और मौका मिलते ही वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद से ही शोरूम मालिक और उसके साथी युवक की तलाश में जुटे हुए थे। तलाश के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि प्रकाश पिछले करीब एक महीने से मनासा में किराए का कमरा लेकर रह रहा है।
*प्रेमिका के जरिए रचा गया पूरा जाल*
युवक को पकड़ने के लिए शोरूम संचालक और उसके साथियों ने उसकी महिला मित्र रेणुका का सहारा लिया। आरोप है कि रेणुका ने फोन कर प्रकाश को मिलने के बहाने मनासा में एक तय स्थान पर बुलाया। जैसे ही प्रकाश वहां पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे इंदौर के तीन पुरुष और तीन महिलाओं ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने उससे कार के बारे में पूछताछ की, जिस पर प्रकाश ने कथित रूप से बताया कि उसने गाड़ी बेच दी है। यह सुनते ही सभी आरोपी भड़क उठे और लाठियों से उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने प्रकाश को तब तक पीटा जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। वह सड़क पर खून से लथपथ पड़ा मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन मौके पर मौजूद लोग मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। मारपीट के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
*तीन महिलाएं समेत छह आरोपी हिरासत में*
मनासा थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इंदौर निवासी एहसान, शुभम,शेखर के साथ ही दुर्गा, रेणुका और बबीता को हिरासत में लिया है। घायल प्रकाश ने अपनी प्रेमिका रेणुका पर भी पूरे घटनाक्रम की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया की जारही है। साथ ही चोरी हुई कार और उससे जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article