Ads Slider

दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग का खुलासा,2 अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार—सोने की चेन व बाइक बरामद

Mahendra Upadhyay
4 Min Read

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।शहर के जवाहर नगर क्षेत्र में 17 फरवरी 2026 को दिनदहाड़े हुई चेन स्नेचिंग की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। इस कार्रवाई को थाना नीमच केंट और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया तथा नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नीमच केंट निरीक्षक निलेश अवस्थी एवं साइबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था।पुलिस के अनुसार 17 फरवरी 2026 को सुबह करीब 9 बजे जवाहर नगर में एक महिला अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने महिला को निशाना बनाते हुए झपट्टा मारकर उसके गले में पहनी करीब दो तोला वजनी सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर थाना नीमच केंट में अपराध क्रमांक 73/2026 धारा 309 (6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए। फुटेज के आधार पर संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर आसपास के क्षेत्रों मंदसौर, निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा और झालावाड़ में तलाश की गई। जांच के दौरान मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कोटा निवासी पुष्पेन्द्र शर्मा और दीपक मीणा के रूप में हुई।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चेन स्नेचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने 7 मार्च 2026 को भी नीमच शहर में वारदात करने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता के कारण वे सफल नहीं हो सके और पीछा करने पर रामपुरा के आगे जंगल में मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गए थे।इसके बाद 8 मार्च को आरोपियों के गांधीसागर क्षेत्र में होने की सूचना मिलने पर नीमच केंट,साइबर सेल और रामपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जंगल में सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान आरोपी पुष्पेन्द्र शर्मा को पकड़ लिया गया,जबकि दीपक मीणा जंगल का फायदा उठाकर भाग निकला। बाद में पुलिस टीम ने तकनीकी आधार पर कोटा पहुंचकर दीपक मीणा को भी गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पुष्पेन्द्र शर्मा के खिलाफ राजस्थान के कोटा और भीलवाड़ा जिलों के महावीर नगर, उद्योगनगर, मकबरा, नयापुरा, दादाबाड़ी और विज्ञाननगर थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, जेल अधिनियम और आबकारी अधिनियम सहित करीब 15 अपराध दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी दीपक मीणा के खिलाफ कोटा और टोंक जिले के अनंतपुरा, आरकेपुरम और पुरानी टोंक थानों में चोरी, हत्या के प्रयास तथा आबकारी अधिनियम से जुड़े 4 आपराधिक मामले पहले से पंजीबद्ध हैं।पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक RJ-20-BB-6072 जब्त की है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी नीमच केंट निरीक्षक निलेश अवस्थी, साइबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे, रामपुरा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विपिन मसीह सहित नीमच केंट, साइबर सेल और रामपुरा पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की है।

Share This Article