Ads Slider

दिनदहाड़े सोना चोरी का चंद घंटों में खुलासा: मुनीम ही निकला मुख्य आरोपी,65 ग्राम सोना जब्त,

Mahendra Upadhyay
3 Min Read

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।शहर में दिनदहाड़े 65 ग्राम सोना चोरी होने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने चंद घंटों में पर्दाफाश कर दिया। इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह रहा कि जिस मुनीम ने चोरी की कहानी गढ़ी थी, वही मुख्य आरोपी निकला। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने प्रेस वार्ता के दौरान पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी ने अपने सेठ का सोना हड़पने की नीयत से झूठी लूट की कहानी रची थी।एसपी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान तथा थाना प्रभारी नीमच कैंट निरीक्षक नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में थाना नीमच कैंट एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया सोना बरामद कर लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 मार्च 2026 को फरियादी मनीष पिता बालकिशन सिंहल (56 वर्ष), निवासी तिलक मार्ग नीमच, ने थाना नीमच कैंट में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी “मंगलम ज्वेल्स” नाम से बोहरा गली के पास सोना-चांदी की दुकान है। उन्होंने अपने यहां कार्यरत मुनीम दिलखुश नागदा को 65 ग्राम सोने का डल्ला टंच कराने के लिए स्वास्तिक बुलियन भेजा था।टंच कराकर लौटते समय दिलखुश ने बताया कि डॉक्टर फजल रहमान की गली में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी पेंट की जेब से सोना निकाल लिया और फरार हो गया। रिपोर्ट पर थाना नीमच कैंट में अपराध क्रमांक 109/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।दिनदहाड़े हुई इस घटना को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्य और घटनास्थल के विश्लेषण में मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ।प्रेस वार्ता में एसपी अंकित जायसवाल ने बताया कि मुनीम दिलखुश नागदा से मनोवैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार पर पूछताछ की गई।पूछताछ में वह टूट गया और स्वीकार किया कि उसने ही झूठी चोरी की कहानी रची थी। आरोपी ने सोना अपने पास ही छिपा दिया था और गबन की नीयत से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी की मनगढ़ंत घटना बताई थी।पुलिस ने आरोपी दिलखुश पिता शांतिलाल नागदा (35 वर्ष), निवासी ग्राम बिसलवास बामनिया, थाना नीमच सिटी, को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 65 ग्राम सोना, जिसकी कीमत लगभग 12 लाख रुपये है, विधिवत जब्त कर लिया।इस सराहनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी, साइबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों एवं जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।चंद घंटों में मामले का खुलासा करने पर सराफा व्यापारियों ने एसपी अंकित जायसवाल, एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, सीएसपी किरण चौहान एवं थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी सहित पूरी टीम का पुष्पमाला, शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।पुलिस अधीक्षक ने भी उत्कृष्ट कार्य के लिए टीम को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उत्साहवर्धन किया।

Share This Article