नीमच।महेन्द्र उपध्याय। शहर के यादव मंडी क्षेत्र में वशीकरण और तंत्र-मंत्र का भय दिखाकर की गई हाई-प्रोफाइल ठगी ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। एक शातिर महिला ने बुजुर्ग का भेष बनाकर कांग्रेस नेता गजेंद्र यादव के घर में प्रवेश किया और उनकी पत्नी को डराकर करीब दस लाख रुपये के सोना-चांदी के जेवर ठग ले गई।जानकारी के अनुसार घटना 9 फरवरी की शाम करीब पांच बजे की है। आरोपी महिला झुकी कमर और धीमी चाल के साथ घर पहुंची। उसने खुद को तांत्रिक बताकर गृहिणी को विश्वास में लिया और कहा कि उनके पति व बेटे पर गंभीर संकट मंडरा रहा है,जिसे वशीकरण प्रक्रिया से ही टाला जा सकता है। भय और अंधविश्वास के माहौल में पीड़िता उसकी बातों में आ गईं।महिला ने पहले हाथों की अंगूठियां उतरवाईं, फिर अलमारी से अन्य जेवर मंगवाए। कथित अनुष्ठान के नाम पर उसने करीब सात तोला सोना और डेढ़ सौ ग्राम चांदी अपने कब्जे में ले ली। इसमें मंगलसूत्र, झुमके,अंगूठियां सहित अन्य आभूषण शामिल बताए जा रहे हैं। “अभी प्रक्रिया पूरी कर लौटती हूं” कहकर वह मौके से फरार हो गई।घटना के बाद परिवार सदमे में है। प्रारंभिक जांच के चलते मामला सार्वजनिक नहीं किया गया था, लेकिन हाल ही में सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने नया खुलासा कर दिया। फुटेज में वही महिला घर से निकलते ही सीधी कमर और तेज कदमों से जाती दिखाई दी,जिससे स्पष्ट है कि बुजुर्ग का भेष ठगी की सोची-समझी चाल थी।मामले की शिकायत थाने तक भी पहुची है पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है हालांकि 12 दिन बाद भी आरोपी तक पहुंच नहीं बन पाई है।इस मामले में थाना प्रभारी पुष्पा चौहान से फोन पर सम्पर्क करना चाहा परंतु उन्होंने फोन नही उठाया।







