Ads Slider

जवाहर नगर में दिनदहाड़े चोरी,चोरों ने सूने मकान को बनाया निशाना–लाखों की ज्वेलरी और नगदी पर हाथ साफ,कैमरे में कैद हुई तस्वीरे

Mahendra Upadhyay
2 Min Read

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले जवाहर नगर में गुरुवार दोपहर अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान को निशाना बना डाला। बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी में रखी नगदी के साथ लाखों की ज्वेलरी पर हाथ साफ कर मौके से फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात पास ही लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसमें दो युवक मकान में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं।मकान मालिक नरेंद्र पाटीदार ने सागर मंथन को बताया कि वह सुबह 10:30 बजे ऑफिस के लिए घर का ताला लगाकर निकले थे। घर के अन्य सदस्य भी किसी काम से बाहर थे। करीब 12 बजे पड़ोसियों ने फोन कर सूचना दी कि घर में कुछ संदिग्ध लोग घुसे हुए हैं। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच में पता चला कि घर से करीब 60 से 70 हजार रुपए नगद, सोने का मंगलसूत्र, चांदी के आभूषण और अन्य कीमती ज्वेलरी चोरी हो गई है। इतना ही नहीं, चोर शासकीय दस्तावेज भी साथ ले गए, जिनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक शामिल हैं।घटना की सूचना मिलते ही कैंट पुलिस और डॉग स्क्वाड टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। जांच अधिकारी दीवान सिंह चौहान ने सागर मंथन को बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दो चोर नजर आए हैं और फुटेज के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की गिरफ्तारी के लिए टीम तैनात कर दी है। इस वारदात से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।

Share This Article