Ads Slider

नीमच में पति ने पत्नी को गोली मारकर उतारा मौत के घाट,आरोपी की हुई गिरफ्तारी,आधिकारिक पुष्टि होना बाकी,पुलिस जांच जारी,दोपहर में पीएम के बाद मायका पक्ष को सोपा शव

Mahendra Upadhyay
3 Min Read

नीमच। महेंद्र उपाध्याय।गुरुवार देर रात करीब 10 बजे नीमच केंट थाना क्षेत्र के रिसाला मस्जिद वार्ड नंबर 26 में आपसी विवाद के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई। पति ने पत्नी के सर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।गोली लगते ही पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शव को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर पीएम की कार्रवाई हेतु रखवाया।घटना के बाद आरोपी पति नदीम पिता इशहा खान (30) निवासी रिसाला मस्जिद मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि देर रात पुलिस ने नदीम को हिरासत में ले लिया है, लेकिन अब तक गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है।पुलिस का कहना है कि आरोपी से अवैध हथियार की बरामदगी, हत्या की मंशा और पूरे घटनाक्रम को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।इधर मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के मायके पक्ष मंदसौर नारायण नगर के अनुसार, तीन वर्ष पूर्व तरन्नुम की शादी नदीम से हुई थी। शादी के बाद से ही नदीम ट्रक खरीदने के लिए 3 से 4 लाख रुपये की मांग कर रहा था। पैसों की व्यवस्था न होने पर वह पत्नी से नाराज रहता था और आए दिन विवाद करता था। परिजनों ने बताया कि मृतका के दो मासूम बच्चे भी हैं—दो वर्षीय ज़ैनब और छह माह की जहरा, जो अब मां की ममता से वंचित हो गई हैं।शुक्रवार सुबह तीन चिकित्सकों की पैनल में मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के मामाओं ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने आरोपी को थाने में पुलिस हिरासत में देखा है और उनकी बहन के सर में गोली लगने के स्पष्ट निशान हैं। उन्होंने आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, सीएसपी किरण चौहान और केंट थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे थाना प्रभारी पुष्पा चौहान ने बताया कि पति-पत्नी के विवाद में यह घटना हुई है। मर्ग कायम कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि जल्द की जाएगी और पूरे मामले का खुलासा जांच पूरी होने के बाद होगा।

Share This Article