नीमच। महेंद्र उपाध्याय।रेलवे कर्मचारियों के अंशदान से संचालित जेसी बैंक के निदेशक मंडल के चुनाव 22 दिसंबर को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुए। चुनाव की प्रक्रिया 17 नवंबर को मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ प्रारंभ हुई थी। रतलाम रेल मंडल सहित पश्चिम रेलवे के विभिन्न मंडलों के मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग कर निदेशकों के चयन में भागीदारी की।उल्लेखनीय है कि रेलवे कर्मचारियों को बच्चों के विवाह, शिक्षा, व्यक्तिगत आवश्यकताओं आदि के लिए नाममात्र ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जेसी बैंक की स्थापना की गई थी। इस बैंक का मुख्यालय मुंबई में स्थित है और देशभर में इसके सदस्य कार्यरत हैं। सागर मंथन बैंक की वार्षिक बैठक में कर्मचारियों से जुड़े हितों को ध्यान में रखते हुए ऋण की ब्याज दरों में वृद्धि या कमी,नई सुविधाओं के विस्तार तथा अन्य नीतिगत निर्णयों पर विचार किया जाता है।परंपरागत रूप से जेसी बैंक के चुनावों में वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन और वेस्टर्न रेलवे मजदूर संघ के बीच मुकाबला होता रहा है। हालांकि जुलाई माह में हुए रेलवे संगठनों के चुनाव में भारतीय रेल मजदूर संघ को देशभर में मान्यता मिलने के बाद पश्चिम रेलवे कर्मचारी परिषद के रूप में एक तीसरा विकल्प भी कर्मचारियों के सामने उभरा है। सागर मंथन पश्चिम रेलवे के कई क्षेत्रों में इस संगठन ने दूसरा अथवा तीसरा स्थान प्राप्त किया है, जिससे इस बार चुनावी समीकरण अधिक रोचक हो गए।22 दिसंबर को हुए जेसी बैंक चुनाव में वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन, रतलाम मंडल की ओर से अशोक कुमार तिवारी, श्रीमती नमिता कुमायूं, अर्पित जैन तथा पूर्व जेसी बैंक डायरेक्टर वाजिद खान चुनाव मैदान में थे। वहीं वेस्टर्न रेलवे मजदूर संघ की ओर से राजेंद्र चौधरी, रश्मि चौधरी, नीलम निरंजन लाल और सचिन मिश्रा ने अपनी दावेदारी पेश की।प्रोसेडिंग ऑफिसर जयदीप गोस्वामी ने सागर मंथन को जानकारी देते हुए बताया कि जेसी बैंक रतलाम डिवीजन 2025 के चुनाव सोमवार 22 दिसंबर को आयोजित किए गए। मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चली, जिसमें बैंक के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने बताया कि चुनाव पूर्ण पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराए गए हैं।नीमच में कुल 273 मतदाता हैं, जिन्होंने तीन अलग-अलग वॉलेट/मतदान केंद्रों पर मतदान कर अपने पसंदीदा उम्मीदवारों के पक्ष में वोट डाले। चुनाव की मतगणना 24 दिसंबर को की जाएगी, जिसके बाद विजयी उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। सभी प्रत्याशियों और कर्मचारियों की निगाहें अब परिणामों पर टिकी हुई हैं।







