नीमच। महेंद्र उपाध्याय।देश की सेवा में तैनात एक सीआरपीएफ जवान के परिवार की सुरक्षा पर अब सवाल उठने लगे हैं। नीमच शहर की पुरानी नगरपालिका क्षेत्र में रहने वाली मंजू पति सदाबहार सिंह ने क्लेक्टर ओर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनके पड़ोसी ओमप्रकाश कंडारा, उसके परिजन और साथी आए दिन उनके परिवार को परेशान कर रहे हैं। दीपावली के दिन 20 अक्टूबर 2025 को इन लोगों ने मंजू और उनके परिवार के साथ मारपीट की थी। इस घटना की रिपोर्ट उनके द्वारा पुलिस थाना नीमच कैंट में दर्ज कराई गई थी, जिस पर अपराध क्रमांक 516/2025 कायम किया गया है।मंजू ने बताया कि घटना के अगले ही दिन यानी 21 अक्टूबर 2025 की शाम करीब सात बजे ओमप्रकाश कंडारा का रिश्तेदार दिलीप उनके घर के बाहर आया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। कुछ देर बाद उसने अपने साथियों को बुला लिया और सभी ने मिलकर घर को घेर लिया, पत्थरबाजी की, दरवाजे पर लात-घूसे मारे और पीछे के दरवाजे को तोड़ने की कोशिश की। भयभीत परिवार ने तत्काल 100 डायल और 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी अपने घरों में जाकर छिप गए।पीड़िता ने बताया कि पूरी घटना उनके घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है, जिसकी फुटेज उन्होंने शिकायत के साथ पुलिस को सौंप दी है। मंजू के अनुसार, उनका पति देश सेवा में होने के कारण अक्सर घर से बाहर रहते हैं और इस वजह से आरोपी परिवार के सदस्य और उनके साथी लगातार गुंडागर्दी और डराने-धमकाने की हरकतें कर रहे हैं। इससे पूरा परिवार डरा और सहमा हुआ है।पीड़िता ने मामले की शिकायत कलेक्टर और एसपी जनसुनवाई में भी की है। वहीं पुलिस ने इस मामले में ओमप्रकाश कंडारा, ज्योति, प्रशांत बारिया, विवेक मंडवारिया और लोकेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) (जान से मारने की धमकी), 296 (गाली-गलौज एवं शांति भंग), 351(3) (आक्रमण) और 3(5) (सामूहिक अपराध में सहभागिता) के तहत मामला दर्ज किया है।हालांकि प्रकरण दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिसके चलते उनके हौसले और भी बुलंद हो गए हैं।पीड़िता ने प्रशासन और पुलिस से निवेदन किया है कि देश की रक्षा करने वाले जवान के परिवार को भी सुरक्षा दी जाए और आरोपी तत्वों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि परिवार को न्याय और सुरक्षा मिल सके।







