नीमच।महेंद्र उपाध्याय।मध्य प्रदेश आजाद कोटवार कर्मचारी संघ के तत्वाधान में कोटवारों ने प्रदेश सरकार के विरोध में भोपाल में तिरंगा यात्रा निकाली,संघ ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा कोटवार विरोधी कई फैसले लिए गए हैं,जिससे कर्मचारी वर्ग आहत है। भिंड जिले की अटेर तहसील में 31 कोटवारों को अवैध रूप से हटाया गया है, वहीं भिंड में 6 कोटवारों को हटाकर उनकी सेवा भूमि पर कब्जा कर लिया गया। खंडवा जिले की पंधाना तहसील में कोटवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। सिहोर जिले में भी एक बाहुबली नेता के दबाव में मूल कोटवार को हटाकर उसके स्थान पर घरेलू नौकर की नियुक्ति कर दी गई।संघ ने आरोप लगाया कि वर्ष 2007 और 2023 की कोटवार पंचायत में लिए गए निर्णयों और घोषणाओं को अब तक लागू नहीं किया गया है। इसके अलावा पिछले एक वर्ष में सौंपे गए ज्ञापनों पर भी कोई कार्यवाही नहीं हुई है। इन सब कारणों से कोटवार समुदाय निराश और आक्रोशित है।संघ ने स्पष्ट किया कि अब अंतिम उपाय के रूप में भारत माता से प्रार्थना और अपनी पीड़ा सरकार तक पहुंचाने के लिए उन्होंने भोपाल में 4 सितम्बर को तिरंगा यात्रा आयोजित की ओर भोपाल की सड़कों पर प्रदर्शन किया।







