Ads Slider

नीमच में अकीदत और भाईचारे के साथ मनी ईद-उल-फितर, नमाज अदा कर मांगी अमन-चैन की दुआ

Mahendra Upadhyay
3 Min Read

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। पवित्र माह रमजान के मुकम्मल 30 रोज़ों के बाद शनिवार को जिलेभर में ईद-उल-फितर का मुबारक त्योहार पूरे जोश, अकीदत और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। इस पाक मौके पर शहर की ईदगाह सहित तमाम मज्जिदो में मुस्लिम भाईयों ने बड़ी तादाद में जुटकर ईद की नमाज़ अदा की और मुल्क में अमन-ओ-सुकून,तरक्की व खुशहाली के लिए खास दुआएं मांगी।नीमच ईदगाह में सुबह से ही नमाज़ियों का हुजूम उमड़ पड़ा।शहर काजी सद्दाम हुसैन अत्तारी ने पहले खुत्बा पेश फरमाया, जिसमें उन्होंने ईद-उल-फितर की अहमियत और इंसानियत, मोहब्बत व भाईचारे का पैगाम दिया। इसके बाद ईद की नमाज़ अदा कराई गई। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर “ईद मुबारक” कहा और खुशियों का इज़हार किया। पूरा माहौल मोहब्बत, सौहार्द और भाईचारे से सराबोर नजर आया।ईद-उल-फितर इस्लाम का एक अहम त्योहार है,जो रमजान के रोज़ों की तकमील के बाद मनाया जाता है। यह दिन अल्लाह की इबादत,शुक्र अदा करने और जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने का होता है। ईद से पहले फितरा (दान) अदा किया जाता है,ताकि हर गरीब और जरूरतमंद भी इस खुशी में शामिल हो सके। इस दिन लोग नए कपड़े पहनते हैं, मस्जिदों में नमाज़ अदा करते हैं और एक-दूसरे के घर जाकर मुबारकबाद पेश करते हैं।शहर के घरों में भी ईद की रौनक देखते ही बन रही थी। घर-घर में सिवइयां,शीरखुर्मा और लजीज पकवान बनाए गए। बच्चों में खासा उत्साह नजर आया, जहां बड़ों ने उन्हें ईदी देकर दुआओं से नवाजा। लोग एक-दूसरे के यहां जाकर सिवइयां खिलाकर खुशियां साझा करते दिखे।ईदगाह कमेटी के सदर सईद भाई काले और सेक्रेटरी अनवर भाई ने बताया कि शहर की विभिन्न मस्जिदों में तय समयानुसार नमाज़ अदा की गई।वहीं, ईद के मौके पर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। ईदगाह और प्रमुख मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रशासन ने भी नागरिकों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

Share This Article