नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। पोरवाल समाज के आराध्य पुरुष राजा टोडरमल की 425 वीं जयंती बुधवार को शहर में अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। पोरवाल समाज समिति,नीमच के तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में समाजजनों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। पूरे आयोजन में भक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता की अद्भुत झलक नजर आई।कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे टोडरमल चौक पर महाआरती के साथ हुई, जिसमें समाज के वरिष्ठजन,महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।आरती के पश्चात भव्य वाहन रैली का शुभारंभ किया गया। यह रैली टोडरमल चौक से प्रारंभ होकर टीवीएस चौराहा,गायत्री मंदिर रोड, कमल चौक,फव्वारा चौक,नया बाजार, सागर मंथन घंटाघर,पुस्तक बाजार और विजय टॉकीज चौराहा व अन्य प्रमुख मार्गों से होती हुई रोटरी सामुदायिक भवन पहुंची।रोटरी सामुदायिक भवन में भजन संध्या का आयोजन किया गया, जहां भक्ति गीतों की प्रस्तुति ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। साथ ही फाग महोत्सव और होली मिलन समारोह का आयोजन भी हुआ,जिसमें रंग-गुलाल के साथ समाजजनों ने हर्षोल्लास व्यक्त किया। कई लोगों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।इससे पूर्व जयंती के पहले दिन राष्ट्रीय संत मिथिलेश जी नागर के सानिध्य में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया था, जिसने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक रंग प्रदान किया।कार्यक्रम की सफलता में समाज के अध्यक्ष शांतिलाल गुप्ता, सचिव प्रेमनाथ गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों का विशेष योगदान रहा। राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश पोरवाल ने सागर मंथन को जानकारी देते हुए बताया कि जयंती को इस वर्ष भव्य रूप से दो दिवसीय आयोजन के रूप में मनाया गया।समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज की एकता, संस्कृति और परंपराओं को सशक्त बनाने का कार्य करते हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और वरिष्ठजन उपस्थित रहे।







