नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। श्री विराट वीराय बालाजी मंदिर समिति, ग्वालटोली द्वारा आयोजित 21वां हनुमान जन्मोत्सव गुरुवार को भक्ति और श्रद्धा के माहौल में सम्पन्न हुआ। दो दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।कार्यक्रम के पहले दिन शाम को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। वहीं गुरुवार को प्रातः 5:30 बजे रामधुन के साथ मंगला आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे। इसके बाद सुबह 9:00 बजे हवन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
दोपहर 12:00 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन शुरू हुआ, जो शाम 4:00 बजे तक निरंतर चलता रहा। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। भंडारे का आयोजन समस्त भक्तों के सहयोग से किया गया, जो आयोजन की विशेषता रहा।इसके पश्चात शाम 4:00 बजे से 8:00 बजे तक सुंदरकांड पाठ का आयोजन मंदिर परिसर में किया जाएगा। वहीं रात्रि 8:00 बजे महाआरती एवं छप्पन भोग के साथ इस दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का समापन होगा।मंदिर समिति के उपाध्यक्ष लाल तिवारी ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में सभी भक्तों एवं समिति सदस्यों का विशेष योगदान रहा। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, उत्साह और सेवा भाव का अद्भुत संगम देखने को मिला।
21वें हनुमान जन्मोत्सव पर भक्ति की बही सरिता, भजन संध्या से महाआरती तक विविध आयोजन सम्पन्न







