नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। शहर में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर इस वर्ष भी भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। श्री मंशापूर्ण दरबार भक्त मंडल द्वारा 44 वां विशाल भंडारा आयोजित किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला रखी गई है।
आयोजन के तहत मंगलवार 31 मार्च 2026 को भव्य श्रृंगार एवं संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा। इसके बाद बुधवार 1 अप्रैल 2026 से अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ प्रातः 8 बजे से किया जाएगा। गुरुवार 2 अप्रैल 2026 को प्रातः 9 बजे तक अखंड रामायण पाठ का समापन होगा, वहीं हवन का आयोजन सुबह 10 बजे से प्रारंभ किया जाएगा।मुख्य आकर्षण के रूप में इसी दिन दोपहर 12:30 बजे से रात्रि 9 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन रखा गया है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। साथ ही सायं 7 बजे 108 दीपकों से भव्य महाआरती भी की जाएगी, जो श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगी।
यह समस्त आयोजन श्री मंशापूर्ण दरबार, जूना सत्यनारायण मंदिर, जयसिंहपुरा रोड,नीमच में संपन्न होगा।आयोजकों के अनुसार पिछले 44 वर्षों से प्रत्येक मंगलवार को संगीतमय सुंदरकांड पाठ की परंपरा निरंतर जारी है।भक्त मंडल ने सभी श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होकर धर्म लाभ लेने और प्रसादी ग्रहण करने की अपील की है। साथ ही प्रत्येक शनिवार अखंड रामायण पाठ एवं रविवार को कन्या भोज का आयोजन भी नियमित रूप से किया जाता है।उक्त सभी आयोजन ब्रह्मलीन श्री सीता राम दास जी महाराज की प्रेरणा व उनके चेले कन्हैया दास जी महाराज के नेतृत्व में होता है
हनुमान जन्मोत्सव पर 44 वां विशाल भंडारा,तीन दिवसीय धार्मिक आयोजनों की रहेगी धूम







