Ads Slider

रामनवमी पर नीमच सिटी में निकली भव्य श्रीराम शोभायात्रा,श्रद्धा और उत्साह का उमड़ा जनसैलाब

Mahendra Upadhyay
2 Min Read

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। सनातन धर्म के पावन पर्व रामनवमी,भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के अवसर पर नीमच सिटी में शुक्रवार रात्रि भव्य और विशाल श्रीराम शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस गरिमामय आयोजन में नगरवासियों की भारी भागीदारी देखने को मिली और पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।शोभायात्रा का शुभारंभ कुड़ी हनुमान मंदिर, नीमच सिटी से भगवान श्रीराम की विधिवत आरती के साथ ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की मंगल ध्वनि के बीच किया गया। यह भव्य यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों—कोर्ट मोहल्ला, माहेश्वरी मोहल्ला होते हुए पुनः बालाजी कुड़ी मंदिर पहुंची, जहां समापन आरती एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।बालाजी कुड़ी नीमच सिटी के तत्वावधान में आयोजित इस शोभायात्रा में पूरे नगर को राममय बनाने का अनूठा प्रयास किया गया। मार्गभर जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा और आरती कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। भगवा ध्वजों और सजावट से पूरा नगर आस्था के रंग में रंगा नजर आया।यात्रा का मुख्य आकर्षण बालाजी आर्ट के मुकेश माली द्वारा तैयार की गई सजीव झांकियां रहीं, जिनमें भगवान श्रीराम, हनुमानजी, गणेशजी का रथ, राधा-कृष्ण महारास सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का सुंदर प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही पारंपरिक अखाड़ों के प्रदर्शन, नासिक और झाबुआ के ढोल-नगाड़े, डीजे साउंड, भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया।श्रद्धालु हाथों में केसरिया ध्वज लेकर “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ पूरे नगर में भक्ति की अलख जगा रहे थे। डीजे पर बज रहे भजनों—“रामजी की निकली सवारी”, “हर घर में एक ही नारा, एक ही नाम” जैसे गीतों ने श्रद्धा और ऊर्जा का संचार किया।शोभायात्रा के दौरान विधायक दिलीप सिंह परिहार, मंडल अध्यक्ष दारा सिंह यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भाग लेकर स्वागत किया। संत-महात्माओं की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। वर्षों से आयोजित इस परंपरागत शोभायात्रा में हर वर्ष की तरह इस बार भी नगरवासियों का उत्साह चरम पर देखने को मिला।

Share This Article