नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर के महू रोड स्थित बर्फ फैक्ट्री के पीछे बने श्रीपाल वाले भेरुजी माताजी मंदिर में नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का भव्य माहौल देखने को मिला। मंदिर परिसर में भेरुजी महाराज एवं माताजी का आकर्षक और अलौकिक श्रृंगार किया गया,जिसने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। सजे-धजे दरबार के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।सोमवार रात को मंदिर प्रांगण में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक नवीन वैष्णव (प्रतापगढ़) ने अपनी सुमधुर आवाज में भेरुजी महाराज और माताजी के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी।भक्ति रस से सराबोर इन प्रस्तुतियों ने माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया,वहीं श्रद्धालु भी भजनों की धुन पर झूमते नजर आए।भजन संध्या देर रात तक निरंतर चलती रही,जहां श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। मंदिर परिसर में सजे भव्य दरबार की छटा और भजनों की गूंज ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजन के दौरान अनुशासन और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नवरात्रि पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य समाज में भक्ति, एकता और सद्भावना का संदेश देना है।पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।







