नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान पर बने प्रेरित चक्रवात और दक्षिणी छत्तीसगढ़ की ओर से गुजर रही ट्रफ लाइन के प्रभाव से मध्य प्रदेश सहित नीमच जिले में मौसम ने अचानक करवट ले ली। सोमवार को दिनभर उमस और तेज गर्मी के बाद शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया।जिले के कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे मौसम एकदम ठंडा हो गया।सागर मंथन अचानक बदले मौसम से जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली,वहीं ओले गिरने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। कुछ स्थानों पर हल्की तो कहीं तेज बारिश का असर देखने को मिला।दिनभर की उमस के बाद आई बारिश ने वातावरण को सुहावना बना दिया, लेकिन बीच-बीच में उमस का असर भी महसूस किया गया। शहर और आसपास के क्षेत्रों में चली ठंडी हवाओं ने मौसम को काफी हद तक राहतभरा बना दिया।मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में प्रदेश में सात अलग-अलग मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। इनमें उत्तर-पश्चिमी राजस्थान पर बना प्रेरित चक्रवात सबसे ज्यादा प्रभावी है, जिसके कारण प्रदेश के कई जिलों में मौसम अस्थिर बना हुआ है।सोमवार को नीमच सहित राजगढ़,आगर मालवा, मंदसौर,गुना, अशोकनगर,शिवपुरी, ग्वालियर,दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुर जिलों में कहीं-कहीं बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी हल्की बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई है।







