नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए मुनासिब रिश्तों की तलाश को आसान बनाने के उद्देश्य से रविवार को नीमच टाउन हॉल में शेख जमीयत-उल-अब्बास भिश्ती बिरादरी राष्ट्रीय समिति की ओर से परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान, गुजरात सहित करीब चार-पांच राज्यों से युवक-युवतियां और उनके वालिदैन शामिल हुए।आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में करीब 150 युवक-युवतियों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया। इस दौरान डॉक्टर, इंजीनियर, वकील सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत उच्च शिक्षित युवक-युवतियों ने भी निकाह के लिए अपना परिचय दिया।युवक-युवतियों के परिचय के साथ उनके वालिदैन ने भी आपस में बातचीत कर मुनासिब रिश्तों को लेकर जानकारी साझा की।एडवोकेट जहीर अब्बासी ने बताया कि सम्मेलन का मकसद निकाह के लिए योग्य युवक-युवतियों को एक ही मंच पर परिचय का मौका उपलब्ध कराना है, ताकि कम समय और कम खर्च में मुनासिब रिश्ता तलाश किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में आपसी ताल्लुकात और भाईचारा भी मजबूत होता है।राष्ट्रीय अध्यक्ष अब्दुल करीम अब्बासी ने कहा कि समिति समाज में निकाह संबंधों को जोड़ने के साथ ही तालीम और सामाजिक कार्यों को बढ़ावा देने के लिए भी लगातार प्रयासरत है। उन्होंने समाज के लोगों से बच्चों की तालीम और सामाजिक बेहतरी के कामों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान समाज के लिए बेहतरीन सेवाएं देने वाले समाजजनों की दस्तारबंदी एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट जहीर अब्बासी ने किया।