नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नीमच सिटी की वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार शरद पूर्णिमा के अवसर पर रविवार, 25 अक्टूबर को शिव नगर स्थित रावण रुंडी पर दशहरा उत्सव समिति द्वारा रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सतरंगी आतिशबाजी, मनमोहक स्वांगधारियों और विभिन्न आकर्षक प्रस्तुतियों ने आयोजन को खास बनाया। रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का भी दहन किया गया।दशहरा उत्सव समिति रावण रुंडी (शिव नगर), नीमच सिटी के प्रवक्ता लक्ष्मीनारायण विश्वकर्मा (नाना उस्ताद) ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन की शुरुआत 24 अक्टूबर को लंका दहन के साथ हुई। रविवार को रावण दहन कार्यक्रम संपन्न हुआ। वहीं, सोमवार 26 अक्टूबर को शाम 7 बजे नीमच सिटी के पिपली चौक पर राम-भरत मिलाप एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।समिति के अनुसार, सोमवार को होने वाले कार्यक्रम में राम-भरत मिलाप के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं प्रस्तुतियों से जुड़े पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। समिति ने शहर के जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, गणमान्य नागरिकों और क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।रविवार को आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने अध्यक्षता की। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नीरज अरोरा, महेंद्र भटनागर,अशोक बागड़ी,पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया, सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।