नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन रविवार रात महू रोड स्थित डी मार्ट के समीप उदय विहार कॉलोनी में भक्ति, शक्ति और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। मां जगदंबा की महाआरती के बाद आयोजित दीप गरबे में बड़ी संख्या में महिलाएं, बालिकाएं और कॉलोनीवासी शामिल हुए। हाथों में प्रज्वलित दीप, पारंपरिक परिधान और गरबे की थाप के बीच पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ विधि-विधान से घटस्थापना और मां जगदंबा की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इससे पहले सुबह महू रोड पर ढोल-बाजों और डीजे की धुन के बीच माता की मूर्ति एवं कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में कॉलोनीवासी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।रविवार रात महाआरती के बाद आयोजित दीप गरबा कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं और बालिकाओं ने हाथों में जलते दीप लेकर लयबद्ध कदमों के साथ गरबा किया। संगीत की मधुर धुन और दीपों की जगमगाहट ने आयोजन की सुंदरता बढ़ा दी। प्रतिभागियों के उत्साह और भक्ति से नवरात्रि की पहली रात यादगार बन गई। बड़ी संख्या में मौजूद कॉलोनीवासियों ने भी आयोजन का आनंद लिया।कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान भी शामिल हुईं। दोनों अधिकारियों ने मां जगदंबा की महाआरती में भाग लिया और दीप गरबे की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ समाज में अनुशासन, सकारात्मकता और आपसी सद्भाव का संदेश देते हैं।आयोजन समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि नवरात्रि के नौ दिनों तक प्रतिदिन रात 8:30 बजे मां जगदंबा की महाआरती होगी। इसके पश्चात पारंपरिक गरबा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।आगामी दिनों में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, जिला भाजपा अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश पप्पू जैन, समाजसेवी भारत जारोली, संतोष चोपड़ा 'गुरु' और अशोक बागड़ी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों के शामिल होने का कार्यक्रम है।उदय विहार कॉलोनी में शुरू हुआ नवरात्रि महोत्सव धार्मिक आस्था, सामूहिक सहभागिता और सांस्कृतिक परंपराओं का संदेश दे रहा है।