नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।नवरात्रि के पावन पर्व पर नीमच में अंचल के सबसे बड़े गरबा महोत्सव‘डायमंड रोटरी डांडिया’ का घटस्थापना एवं मां भवानी की महाआरती के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन के पहले ही दिन गरबा पांडाल में भक्तिभाव, उत्साह और उल्लास का ऐसा संगम देखने को मिला, मानो नीमच की धरा पर गुजरात का पारंपरिक गरबा उत्सव साकार हो उठा हो। 25 से अधिक गरबा समूहों के 200 से अधिक गरबाधारियों ने मां जगदंबा के समक्ष मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां देकर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।दूधिया रोशनी से जगमगाते पांडाल में पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने संगीत की मधुर धुनों पर ताल से ताल मिलाकर डांडिया रास किया। गरबाधारियों की आकर्षक प्रस्तुतियों और भक्ति से सराबोर माहौल ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पहले ही दिन आयोजन में उमड़ा उत्साह देखकर ऐसा लगा मानो महोत्सव अष्टमी और नवमी के चरम उत्साह तक पहुंच गया हो।आयोजन के संबंध में डांडिया संयोजक हेमंत भंडारी, कमल मंगल, आशीष गर्ग बामन बर्डी, दीपक मूंदड़ा एवं करणवीर सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि अरुल अशोक गंगानगर प्रेजेंट्स डायमंड रोटरी डांडिया महोत्सव की शुरुआत घटस्थापना और मां भवानी की महाआरती के साथ की गई। रोटरी डायमंड संस्था द्वारा पिछले 11 वर्षों से इस भव्य गरबा महोत्सव का सफल आयोजन किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि आयोजन की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। यही वजह है कि गरबा महोत्सव में भाग लेने और मां की भक्ति में शामिल होने के लिए नीमच शहर के साथ-साथ आसपास के जिलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस वर्ष पहले ही दिन गरबा पांडाल में दिखाई दिया उत्साह आयोजन की लोकप्रियता और लोगों की आस्था को दर्शाता है।गरबा महोत्सव को सफल बनाने तथा व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में रोटरी डायमंड क्लब अध्यक्ष रोटेरियन गुणवंत जैन, सचिव धीरज गांधी, कोषाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी सहित कमल आंजना, दीपक ऐरन, सुमित मित्तल, दिलीप जोशी, हर्ष शर्मा, कृष्णा शर्मा, गोपाल शर्मा, अभय नाहर, गोविंद सैनी, हिमांशु अहीर, लोकेंद्र अग्रवाल, पंकज मुंदड़ा, प्रमोद शर्मा, प्रवीण गोदावत, राज साहू, संदीप दरक, संजय सोनी, सिद्धार्थ जैन, सोहित पोरवाल, सुनील सोनी, अजीत कोठीफोड़ा, संजय कोठारी एवं आशीष गर्ग (गगन) सहित क्लब के सभी सदस्यों और पदाधिकारियों की सराहनीय भूमिका रही।