नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नवरात्रि के स्वागत में नीमच का टैगोर मार्ग मूर्ति बाजार सजकर तैयार हो गया है। मां दुर्गा की विशाल प्रतिमाओं से लेकर विभिन्न प्रदेशों की पारंपरिक गरबा ड्रेस तक बाजार में रौनक दिखाई दे रही है। शहर में गरबा पंडाल भी सजकर तैयार हो गए हैं, जहां रविवार को घट स्थापना के साथ नौ दिवसीय माता आराधना और गरबा आयोजनों का शुभारंभ होगा।टैगोर मार्ग पर करीब 30 से अधिक दुकानों पर मां दुर्गा की एक से लेकर 11 व 15 फीट तक की प्रतिमाएं उपलब्ध हैं। इस बार घरों में जहा छोटी मूर्तियो की मांग है वही पंडालों में 10  तक की विशाल प्रतिमाओं की मांग अधिक दिखाई दे रही है। शेर पर सवार मां अम्बे, महिषासुर मर्दिनी और बंगाल की शैली की प्रतिमाएं श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही हैं। मिट्टी और पीओपी से बनी मूर्तियों की खरीदारी के लिए भी लोग पहुंच रहे हैं।
नीमच में उपलब्ध प्रतिमाएं अजमेर, चित्तौड़गढ़, छोटी सादड़ी और बड़ी सादड़ी सहित 250 से 300 किलोमीटर दूर तक भेजी जा रही हैं। दुकानदारों के अनुसार,नवरात्रि को लेकर बाजार में अच्छा उत्साह है और बड़ी संख्या में प्रतिमाओं की बिक्री हो चुकी है।इधर,गरबा आयोजनों को लेकर ड्रेस की मांग भी बढ़ गई है। राजस्थानी,गुजराती, बंगाली और महाराष्ट्रीयन संस्कृति की झलक दिखाने वाली पारंपरिक पोशाकों की एडवांस बुकिंग हो रही है। कई गरबा ग्रुप अपनी प्रस्तुतियों के लिए ड्रेस बुक करा चुके हैं।शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गरबा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रविवार को घट स्थापना के साथ पंडालों में नौ दिनों तक माता की आराधना, पूजा-अर्चना और गरबा आयोजन होंगे। मां दुर्गा की प्रतिमाओं, रंग-बिरंगे परिधानों और सजे-धजे पंडालों के बीच नीमच में नवरात्रि का उत्सवी माहौल छाने लगा है।श्रद्धालु माता की अगवानी और गरबा प्रेमी नौ दिवसीय उत्सव को यादगार बनाने की तैयारियों में जुटे हैं।