नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शुक्रवार को शहर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का क्रम शुरू हो गया। गणेश उत्सव के समापन पर नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए तीन स्थानों पर विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं पांच स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं के संग्रहण की व्यवस्था की गई है।नगर पालिका द्वारा बड़ी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए गोमाबाई रोड स्थित संजीवनी तालाब के पास,जयसिंहपुरा रोड स्थित शिव घाट तथा सीताराम जाजू सागर बांध पर व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर नपा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा और सम्मान के साथ कर रहे हैं।इसके अलावा शहर में भारत माता चौराहा (फोर जीरो), पिपली चौक नीमच सिटी, पाटीदार छात्रावास ग्वालटोली, अंबेडकर रोड स्थित बंसल चौराहा तथा बघाना में जाजू जी की बगीची के सामने सिद्धिविनायक कॉलोनी में गणेश प्रतिमा संग्रहण केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर श्रद्धालुओं से नपा कर्मचारी गणेश प्रतिमाएं प्राप्त कर उन्हें निर्धारित विसर्जन स्थलों तक पहुंचा रहे हैं।नगर पालिका की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे संभावित दुर्घटनाओं से बचने के लिए स्वयं जलाशयों में जाकर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन न करें,बल्कि प्रतिमाएं नगर पालिका कर्मचारियों को सौंपें। नपा कर्मचारियों द्वारा प्रतिमाओं को पूरी श्रद्धा एवं सम्मान के साथ निर्धारित स्थलों पर विसर्जित किया जा रहा है।गौरतलब है कि गणेश उत्सव के समापन के साथ शुक्रवार को शहर में विभिन्न गणेश पंडालों और घरों में विराजित गणपति प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा है। इस दौरान श्रद्धालु ढोल-ढमाकों और गणपति बप्पा के जयकारों के साथ प्रतिमाओं को विदाई दी गई ।