नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर में इन दिनों 10 दिवसीय गणेशोत्सव को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आकर्षक पंडाल सजाकर भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं विराजित की गई हैं। इन पंडालों में प्रतिदिन महाआरती के साथ धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन किए जा रहे हैं। शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शहर में झांकियों और अखाड़ों का भव्य कारवां निकलेगा।वहीं विभिन्न मंदिरों और पंडालों से भगवान गणेश की प्रतिमाएं विसर्जन के लिए चल समारोह के रूप में निकाली जाएंगी।
*प्रमुख पंडालों में आस्था के अलग-अलग स्वरूप*
शांतिनगर गणेश उत्सव समिति द्वारा 10 दिवसीय गणेशोत्सव के दौरान मटकी फोड़,दीप यज्ञ, सुंदरकांड,छप्पन भोग और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किए गए। उत्सव के दसवें दिन शुक्रवार को भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन चल समारोह निकाला जाएगा, जो बोरखेड़ी पहुंचेगा। यहां बोरखेड़ी तालाब में प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
भारत माता चौराहे पर सरकार ग्रुप द्वारा भगवान महाकाल के स्वरूप में भगवान श्री गणेश की बड़ी और आकर्षक प्रतिमा विराजित की गई है। दाना गली कॉर्नर पर राधा कृष्णा ग्रुप द्वारा श्रीनाथ के आकर्षक स्वरूप में गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है।
लायंस पार्क चौराहे पर लावण्या ग्रुप द्वारा आकर्षक दरबार सजाकर भगवान गणेश की बड़ी प्रतिमा स्थापित की गई है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। विजय टॉकीज चौराहे पर आर्यन्स ग्रुप द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी आकर्षक दरबार सजाकर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा विराजित की गई है। यहां गणेशोत्सव के साथ अन्य पर्व भी गणपति बप्पा के सान्निध्य में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाए गए।दशहरा मैदान में गणपति ग्रुप द्वारा विशाल और आकर्षक पंडाल में 'मालवा के महाराज' स्वरूप में भगवान श्री गणेश को विराजित किया गया है। समिति द्वारा यहां विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा सात माता मंदिर के सामने ओमकार ग्रुप,कुमारा गली में वीर बजरंग ग्रुप, चोपड़ा गणेश मंदिर क्षेत्र में सावरिया ग्रुप,सीआरपी रोड पर गणाधीश उत्सव समिति तथा गोमाबाई रोड स्थित लायंस क्लब के पास भी गणेश प्रतिमाएं विराजित की गई हैं। बघाना,नीमच सिटी, इंद्रानगर बस स्टेण्ड सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी गणेशोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
*शुक्रवार रात निकलेगा झांकियों और अखाड़ों का कारवां*
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शुक्रवार रात शहर में विभिन्न संगठनों,अखाड़ों और गणेश उत्सव समितियों द्वारा झांकियों और अखाड़ों का कारवां निकाला जाएगा।अलग-अलग स्थानों से निकलने वाले जुलूस फव्वारा चौक पर एकत्र होंगे। इसके बाद सभी झांकियां और अखाड़े कतारबद्ध होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ेंगे।चल समारोह टैगोर मार्ग सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगा और देर रात से रातभर झांकियों एवं अखाड़ों का क्रम जारी रहने की संभावना है। इसके बाद गणेश प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए निर्धारित जलाशयों की ओर ले जाया जाएगा।
*बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन शनिवार को*
शुक्रवार को अनेक छोटी और मध्यम आकार की गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन चल समारोह के साथ किया जाएगा, जबकि बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन शनिवार को किए जाने की तैयारी है। गणेशोत्सव के अंतिम चरण में शहर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है।शाम होते ही गणेश पंडालों में होने वाली महाआरती में श्रद्धालुओं की सहभागिता बढ़ जाती है। घंटियों, शंखनाद और भक्ति गीतों के बीच 'गणपति बप्पा मोरया' के जयकारे गूंज रहे हैं। दस दिवसीय गणेशोत्सव के चलते नीमच शहर इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर नजर आ रहा है।