नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जलझूलनी एकादशी एवं फूलडोल ग्यारस के अवसर पर मंगलवार को नीमच शहर, नीमच सिटी, बघाना और यादव मंडी क्षेत्र में धार्मिक उत्साह देखने को मिला। विभिन्न मंदिरों से भगवान के वेवाण श्रद्धालुओं के साथ भव्य चल समारोह के रूप में निकले। नीमच सिटी में राम मंदिर से प्रताप व्यायामशाला के अखाड़े के साथ शोभायात्रा शुरू हुई, जिसमें विभिन्न मंदिरों के वेवाण कतारबद्ध होकर शामिल हुए।यादव मंडी नीमच कैंट में यादव समाज ने 102वां जलझूलनी एकादशी स्वाभिमान दिवस मनाया। सुबह वाहन रैली और शाम को श्री सत्यनारायण मंदिर से मुख्य चल समारोह निकला। इसमें बेवाण के साथ यादव व्यायामशाला का अखाड़ा, आकर्षक झांकियां, ढोल पार्टी, मलखम, आतिशबाजी और कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। छप्पन भोग और पुष्पवर्षा ने भी श्रद्धालुओं का मन मोहा।बीचला गोपाल मंदिर में भजन-कीर्तन तथा नीमच नरेश के दरबार में महाआरती, ताली-कीर्तन और फलाहारी प्रसाद का आयोजन हुआ। ग्वालटोली और बघाना में भी अखाड़ों के साथ चल समारोह निकाले गए। अखाड़ों में पहलवानों ने करतब दिखाए। देर रात तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।