नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। गणेश चतुर्थी के साथ ही नीमच शहर इन दिनों गणपति भक्ति में पूरी तरह रंगा नजर आ रहा है।गली-मोहल्लों से लेकर प्रमुख चौराहों तक आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं, जहां प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की मनमोहक प्रतिमाएं विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विराजित की गई हैं। सुबह-शाम दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
शहर के विभिन्न गणेश पंडालों में प्रतिदिन महाआरती,भजन संध्या, सुंदरकांड पाठ, सत्यनारायण कथा सहित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। बच्चों, युवाओं और महिलाओं में भी गणेशोत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। भगवान गणेश का प्रतिदिन आकर्षक श्रृंगार कर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए सजाया जा रहा है।

*प्रमुख पंडालों में दिख रही आस्था की अलग-अलग झलक*

भारत माता चौराहे पर सरकार ग्रुप द्वारा भगवान महाकाल के स्वरूप में भगवान श्री गणेश की बड़ी और मनमोहक प्रतिमा स्थापित की गई है। वहीं दाना गली कॉर्नर पर राधा कृष्णा ग्रुप द्वारा श्रीनाथ के आकर्षक स्वरूप में भगवान गणेश की प्रतिमा विराजित कर 10 दिवसीय गणेश उत्सव मनाया जा रहा है।लायंस पार्क चौराहे पर लावण्या ग्रुप द्वारा आकर्षक दरबार में भगवान गणेश की बड़ी प्रतिमा स्थापित की गई है। यहां प्रतिमा के दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। विजय टॉकीज चौराहे पर आर्यन्स ग्रुप द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी आकर्षक दरबार सजाकर भगवान श्री गणेश की बड़ी प्रतिमा विराजित की गई है। यहां गणेश उत्सव के साथ रक्षाबंधन जैसे पर्व भी गणपति बप्पा के सान्निध्य में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाए गए।दशहरा मैदान में गणपति ग्रुप द्वारा विशाल एवं आकर्षक पंडाल में 'मालवा के महाराज' स्वरूप में भगवान श्री गणेश को विराजित किया गया है। समिति द्वारा यहां विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां की गई हैं। पंडित विक्रम शर्मा ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान दशहरा मैदान में प्रतिदिन धार्मिक आयोजनों के साथ श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।इसके अलावा सात माता के सामने ओमकार ग्रुप, कुमारा गली में वीर बजरंग ग्रुप, चोपड़ा गणेश मंदिर क्षेत्र में सावरिया ग्रुप, सीआरपी रोड पर गणाधीश उत्सव समिति तथा गोमाबाई रोड स्थित लायंस क्लब के पास भी गणेश प्रतिमाएं विराजित की गई हैं। बघाना, नीमच सिटी और इंद्रानगर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी गणेशोत्सव हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है।शाम होते ही पंडालों में महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं की सहभागिता बढ़ जाती है। घंटियों, शंखनाद और भक्ति गीतों के बीच 'गणपति बप्पा मोरया' के जयकारे गूंजते हैं। धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी उत्सव में चार चांद लगा रहे हैं। दस दिवसीय गणेशोत्सव के चलते नीमच का वातावरण इन दिनों श्रद्धा,भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर नजर आ रहा है।