नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। भादवा सुदी बीज के अवसर पर रविवार को कनावटी जिला जेल में बाबा रामदेव महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ अनूठे अंदाज में मनाया गया। जेल की चारदीवारी में करीब 500 बंदी और जेल स्टाफ एक साथ बाबा रामदेव की भक्ति में रंगे नजर आए। पूरे जेल परिसर में भजन, कीर्तन और जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा।जेल अधीक्षक नारायण सिंह राणा की उपस्थिति में बाबा रामदेव महाराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भजन-कीर्तन और सामूहिक आरती हुई। बंदियों ने हाथों में थालियां लेकर आरती की और बाबा रामदेव के जयकारे लगाए।
आयोजन के दौरान जेल परिसर का माहौल पूरी तरह आस्था और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। बंदियों ने उत्साहपूर्वक धार्मिक आयोजन में सहभागिता की। जेल प्रशासन द्वारा बंदियों में सकारात्मक सोच, आत्मचिंतन और सामाजिक मूल्यों के प्रति जुड़ाव बढ़ाने के प्रयासों के बीच यह आयोजन सुधार और सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश देता नजर आया।