नीमच। महेंद्र उपाध्याय। महेश सत्संग मंडल द्वारा शनिवार को एलआईसी चौराहा स्थित परशुराम महादेव मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक एवं भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।आयोजन के दौरान राजेश शर्मा एंड पार्टी एवं श्री रामदूत रामायण मंडल द्वारा श्री सत्यनारायण कथा का आयोजन किया गया। इसके साथ ही खाटू श्याम भजन संध्या का भी आयोजन हुआ। भजन संध्या में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और जन्माष्टमी प्रसंग को जीवंत करने के लिए महिला सदस्यों ने विभिन्न पात्रों का स्वांग धरा।वासुदेव के रूप में ममता मंत्री, यशोदा के रूप में सुनीता परवाल, श्रीकृष्ण के रूप में ममता झवर, राधा के रूप में मालती मूंदड़ा तथा गुजरी के रूप में कोमल बाहेती ने आकर्षक प्रस्तुति दी। इनके जीवंत स्वरूप को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।इस दौरान महेश सत्संग मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भजनों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।उक्त जानकारी सुनीता परवाल द्वारा दी गई।