नीमच। महेंद्र उपाध्याय। शहर के ग्वालटोली स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर पर चंद्रवंशी ग्वाला समाज द्वारा शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हुए।महोत्सव के तहत सुबह 9 बजे विशाल वाहन रैली निकाली गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होकर मंदिर पहुंची। इसके बाद दोपहर 1 बजे भव्य चल समारोह निकाला गया। चल समारोह में राधा-कृष्ण व बालाजी की आकर्षक झांकियां, घोड़े, बैंड-बाजे, डीजे और ढोल-ढमाकों के साथ श्रद्धालु शामिल हुए। रथ पर लड्डू गोपाल एवं सांवरिया सेठ की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।वही शाम 4 बजे से ग्वालटोली,नीमच सिटी,छावनी,कनावटी एवं बघाना क्षेत्र की खेल व शिक्षा प्रतिभाओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।रात 8 बजे भागवत कथा वाचक पं. चंद्रदेव वशिष्ठ ने भागवत कथा एवं भजनों की प्रस्तुति दी। मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर महाआरती एवं छप्पन भोग लगाया गया तथा श्रद्धालुओं को खीर की प्रसादी वितरित की गई।इसी कड़ी में शनिवार सुबह 9 बजे कथा की पूर्णाहुति होगी। रात 8 बजे श्री राधाकृष्ण ग्रुप द्वारा भजन संध्या आयोजित की जाएगी,जिसमें जयपुर की भजन गायिका सुरभि चतुर्वेदी एवं भोपाल के विपिन नामदेव भजनों की प्रस्तुति देंगे।