नीमच। महेंद्र उपाध्याय। शहर के ग्वालटोली स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर पर चंद्रवंशी ग्वाला समाज द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव शुक्रवार को हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के तहत सुबह विशाल वाहन रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए। वाहन रैली ग्वालटोली स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर पहुंची। इस दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।समाज के सदस्य दिलीप ग्वाला ने बताया कि ग्वालटोली को ब्रज नगरी के रूप में जाना जाता है। यहां प्रतिवर्ष भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया जाता है। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह विशाल वाहन रैली आयोजित की गई।उन्होंने बताया कि वाहन रैली के समापन के बाद दोपहर में भव्य चल समारोह निकाला जाएगा, जिसमें आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे और ढोल-ढमाकों के साथ श्रद्धालु शामिल होंगे। देर शाम भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की विशेष पूजा-अर्चना होगी। मध्यरात्रि में महाआरती कर भगवान को भोग अर्पित किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं को खीर की प्रसादी वितरित की जाएगी।