नीमच। महेंद्र उपाध्याय। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विवेकानंद बाल कल्याण समिति द्वारा संचालित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की ओर से गुरुवार सुबह ‘पुष्पमय रथ’ शोभायात्रा निकाली गई। भक्ति, संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को समर्पित इस शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।शोभायात्रा में कृष्ण जन्म, गोवर्धन पर्वत उठाना, सुदामा मिलन,कालिया नाग मर्दन और गीता उपदेश सहित भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी कृष्ण और राधा सहित विभिन्न धार्मिक पात्रों की वेशभूषा में सजे नजर आए।सुबह विद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई शोभायात्रा झूलेलाल मंदिर, समता चौराहा,गायत्री मंदिर,कमल चौक,फव्वारा चौक, बारादरी और नया बाजार सहित प्रमुख मार्गों से होकर पुनःविद्यालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर धर्मलाभ लिया।इस अवसर पर विद्यालय परिवार, समिति पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।शोभायात्रा के दौरान धार्मिक वातावरण के बीच जय श्रीकृष्ण के जयघोष गूंजते रहे।आयोजन ने बच्चों में भारतीय संस्कृति, धर्म और परंपराओं के प्रति संस्कार एवं जागरूकता का संदेश भी दिया।