नीमच। महेंद्र उपाध्याय। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को शहर में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। प्रसिद्ध श्री किलेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का भव्य एवं राजसी श्रृंगार किया गया। मंदिर में आकर्षक फूलों और विद्युत सज्जा के साथ विशेष साज-सज्जा की गई। भगवान शिव के दर्शन और पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही।अंतिम सोमवार के विशेष अवसर पर भगवान किलेश्वर महादेव को आकर्षक वस्त्र, आभूषण एवं पूजन सामग्री से सजाया गया। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के व्यंजनों से छप्पन भोग तैयार कर भगवान भोलेनाथ को अर्पित किया गया। शाही श्रृंगार और छप्पन भोग के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारों से गूंजता रहा।श्रावण मास के दौरान किलेश्वर महादेव मंदिर में लगातार विभिन्न धार्मिक आयोजन होते रहे। अंतिम सोमवार को विशेष आयोजन को लेकर मंदिर समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं। मंदिर की आकर्षक सजावट और भगवान के मनमोहक श्रृंगार ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।इसी प्रकार शहर के भागेश्वर महादेव मंदिर, भूतेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भी सावन के अंतिम सोमवार पर विशेष श्रृंगार, छप्पन भोग,आकर्षक झांकियां एवं धार्मिक आयोजन किए गए। शिवालयों में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और पूरा शहर हर-हर महादेव के जयघोष से शिवमय नजर आया।श्रावण मास के अंतिम सोमवार को नीमच में जगह-जगह आस्था का सैलाब उमड़ा जो भगवान शिव के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और सनातन परंपराओं के प्रति समर्पण का प्रतीक बना।