नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। दाऊदी बोहरा समाज द्वारा पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिन मुबारक के अवसर पर ईद-ए-मिलादुन्नबी का पर्व रविवार को हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बोहरा समाज द्वारा बोहरा गली स्थित मस्जिद से शाम को भव्य जुलूस निकाला गया। दाऊदी बोहरा समाज फातिमी हिजरी कैलेंडर का अनुसरण करता है, जिसके अनुसार इस वर्ष 12 रबी अल-अव्वल यानी ईद-ए-मिलादुन्नबी 24 अगस्त को मनाई जा रही है।जुलूस में सबसे आगे घोड़ों पर सवार समाज के बच्चे राष्ट्रीय ध्वज और बोहरा समाज के झंडे लिए चल रहे थे। उनके पीछे बैंडबाजे पर मदहे की धुनें वातावरण को भक्तिमय बना रही थीं। इसके बाद बुलेट सवार समाजजन, आकर्षक बग्गियों में सवार बच्चे तथा साइकिल रैली के रूप में समाज के बच्चे शामिल हुए। जुलूस में स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जुलूस का विशेष आकर्षण दाऊदी बोहरा समाज के बच्चों और युवाओं द्वारा हाथों में थामी गईं भाईचारे, अमन और देशप्रेम का संदेश देती तख्तियां एवं मजहबी बैनर रहे। ईजी स्काउट के सदस्यों ने भी आकर्षक एवं अनुशासित प्रदर्शन किया। सफेद कुर्ता-पायजामा के पारंपरिक पहनावे में समाज के बच्चे, युवा और बुजुर्ग जुलूस की शोभा बढ़ा रहे थे।जुलूस बोहरा गली से प्रारंभ होकर टैगोर मार्ग, फव्वारा चौक, बारादरी, नया बाजार, घंटाघर, तिलक मार्ग, पुस्तक बाजार होते हुए 40 नंबर पहुंचा और वहां से पुनः बोहरा गली पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस के समापन के बाद बोहरा मस्जिद में खुशी की मजलिस आयोजित की गई।इस अवसर पर समाज के आमिल साहब की सरपरस्ती में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए। सोमवार को दाऊदी बोहरा समाज के धर्मगुरु सैफुद्दीन साहब वीडियो लिंक के माध्यम से समाजजनों को खिताब करेंगे। खिताब के माध्यम से मुल्क के प्रति वफादारी, अमन, भाईचारे और जरूरतमंदों की मदद कर उन्हें बराबरी पर लाने का संदेश दिया जाएगा।ईद-ए-मिलादुन्नबी के अवसर पर दाऊदी बोहरा समाजजनों ने देश में अमन-शांति, खुशहाली और भाईचारे की दुआ के साथ समाज के धर्मगुरु 53 वें दाई अल-मुतलक, आली कदर सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब की उम्र दराजी, सेहत और सलामती के लिए सामूहिक दुआ की जाएगी। इसके साथ ही मजलिस और अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।