नीमच। महेंद्र उपाध्याय। श्रावण मास के तीसरे सोमवार के पावन अवसर पर नीमच के आराध्य देव एवं शहर के राजा श्री किलेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी सोमवार शाम धूमधाम से निकाली गई। युवा समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा (गंगानगर) एवं श्री किलेश्वर महादेव मंदिर समिति के तत्वावधान में निकाली जा रही इस शाही सवारी को लेकर शहर में आस्था और उत्साह का माहौल देखा गया। भगवान भोलेनाथ फूलों से सुसज्जित विशेष रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले और अपनी प्रजा को दर्शन एवं आशीर्वाद दिया।शाही सवारी के शुभारंभ से पूर्व युवा समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा ने विधि-विधान से भगवान किलेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना की।ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच शाही सवारी मंदिर परिसर से रवाना हुई। रेलवे स्टेशन होते हुए चौकन्ना बालाजी मार्ग से सवारी ज्ञान मंदिर कॉलेज पहुंची, जहां अरुल अशोक अरोरा द्वारा आरती एवं विशेष पूजा-अर्चना कर शाही सवारी की विधिवत शुरुआत करवाई गई।इसके बाद शाही सवारी शहर के प्रमुख मार्गों से होकर आगे बढ़ रही है। खाटू श्याम मंदिर, तिलक मार्ग, सराफा बाजार, घंटाघर, नया बाजार, बारादरी, फव्वारा चौक, कमल चौक और टैगोर मार्ग होते हुए शाही सवारी 40 नंबर चौराहे पहुची। यहां युवा समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा के नेतृत्व में बाबा किलेश्वर महादेव का भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान पुष्प वर्षा और आकर्षक आतिशबाजी भी होगी।

*101 क्विंटल फूलों से हुआ बाबा का महा-श्रृंगार*

शाही सवारी के अवसर पर श्री किलेश्वर महादेव मंदिर को इस वर्ष विशेष रूप से सजाया गया है। युवा समाजसेवी अरुल अरोरा द्वारा मंदिर में करीब 101 क्विंटल देशभर से मंगाए गए रंग-बिरंगे एवं सुगंधित फूलों से भव्य सजावट करवाई गई है। नासिक के गुलाब, हिमाचल की सेवंती, रजनीगंधा सहित दिल्ली, पुणे और अन्य स्थानों से मंगाए गए विशेष फूलों से रेलवे स्टेशन रोड के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर मंदिर परिसर तक आकर्षक सजावट की गई है।फूलों की इस भव्य सजावट के चलते मंदिर परिसर अलौकिक नजर आ रहा था।श्रद्धालु बाबा के दर्शन के साथ फूलों से सजे मंदिर की भव्यता को भी निहार रहे हैं।

*17 से अधिक झांकियां और नासिक के ढोल आकर्षण का केंद्र*

शाही सवारी में 17 से अधिक आकर्षक धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां शामिल हैं। इनमें मेरठ की केरला झांकी, कलकत्ता की झांकी, राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी, बाहुबली हनुमान, बाहुबली शंकर, नरमुंड की विशेष प्रस्तुति, नंदी के साथ अघोरी स्वरूप और गंगा आरती की झांकी सहित अनेक प्रस्तुतियां शामिल हैं।वहीं नासिक के ढोल,झांझ पार्टी,फोकस बैंड तथा विशेष साउंड एवं लाइटिंग भी शाही सवारी में श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। झांकियों को विशेष जनरेटर और फोकस लाइट्स के माध्यम से भव्य स्वरूप दिया गया है।शाही सवारी देर शाम तक शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। हजारों श्रद्धालुओं  इसमें शामिल हुए।जगह-जगह सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों तथा शहरवासियों द्वारा बाबा किलेश्वर महादेव का स्वागत किया।शाही सवारी का नगर भ्रमण के बाद श्री किलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की भव्य आरती के साथ आयोजन का समापन हुआ।
शाही सवारी के दौरान पूरा शहर “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” और “जय श्री किलेश्वर महादेव” के जयकारों से गूंज रहा है। आस्था और भक्ति से सराबोर वातावरण में नीमच के राजा श्री किलेश्वर महादेव नगर भ्रमण कर अपनी प्रजा को दर्शन एवं आशीर्वाद प्रदान कर रहे हैं। इस दौरान जिला व पुलिस प्रशासन सुरक्षा की दृष्टि से तैनात रहा।