नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।वोट चोरी और चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को नीमच के भारत माता चौराहे पर प्रदर्शन किया। दिल्ली में राहुल गांधी सहित विपक्षी नेताओं द्वारा निकाले जा रहे मार्च के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया और लोकतंत्र की रक्षा, निष्पक्ष चुनाव तथा मताधिकार की स्वतंत्रता का संदेश दिया। इस दौरान भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर देशभर में करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जनता के मताधिकार पर निर्भर है। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होना आवश्यक है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से उपयोग कर सके।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान देश का सर्वोच्च मार्गदर्शक है और लोकतंत्र में जनता के अधिकारों का संरक्षण जरूरी है। संविधान की प्रस्तावना में उल्लेखित *'हम भारत के लोग'* शब्दों का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि मताधिकार की रक्षा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी टिप्पणी करते हुए उन्हें सरकारी गवाह बनाए जाने की मांग की। नेताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे सवालों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर मुकेश कालरा, ओम दीवान, संदीप चौधरी, इकबाल हुसैन, अनूप प्रजापत, यश सिंगोलिया, वैभव जैन, योगेश प्रजापति, हारुन कुरैशी, यश लोहार सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।