नीमच। महेंद्र उपाध्याय। दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को नीमच में काला दिवस मनाया। शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता हाथों में काले झंडे लेकर प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और राष्ट्रपति के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपा।कांग्रेस की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तथा निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर कांग्रेस लगातार अपनी आवाज उठा रही है। ज्ञापन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य नेताओं एवं सांसदों के साथ दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज और व्यवहार की निंदा की गई।
ज्ञापन में कांग्रेस ने इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग करते हुए कहा गया कि संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की बहाली के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विपक्ष की आवाज और लोकतांत्रिक अधिकारों के संरक्षण के लिए राष्ट्रपति को मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए। प्रदेश एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 8 अक्टूबर को जिले के विभिन्न ब्लॉकों में काला दिवस मनाए जाने की बात भी ज्ञापन में कही गई है।इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हाथों में काले झंडे लेकर प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एडीएम को सौंपकर मांगों पर कार्रवाई का आग्रह किया।ज्ञापन लेने की बात पर कांग्रेस नेताओं और अधिकारियों के बीच तीखी बहस देखने को मिली।इस दौरान कांग्रेस नेता ब्रजेश मित्तल,ओम दीवान,मोनू लोक्स,संदीप चौधरी,भानु प्रताप राठौर सहित कई कांग्रेस नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।