नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। मतदाता सूची में अनियमितताओं और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी नीमच ने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन से रैली निकाली, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्टर कार्यालय की ओर बड़ी। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम एसडीएम पराग जैन को ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूची में गड़बड़ियों की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराने सहित विभिन्न मांगें उठाईं।रैली को देखते हुए पुलिस ने शहर में जगह-जगह बैरिकेडिंग की थी।संजीवनी पुलिया के समीप पुलिस ने मजबूत बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए और जमकर नारेबाजी की। मौके पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। बाद में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने वहीं बैरिकेड के पास एसडीएम पराग जैन को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से वैध मतदाताओं के नाम हटाने तथा अनुचित तरीके से नए नाम जोड़ने जैसी अनियमितताएं सामने आई हैं। कांग्रेस ने इन मामलों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की, ताकि मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया में लोगों का विश्वास कायम रहे।ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए उन्हें पद से हटाने तथा गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही आगामी चुनावों के लिए पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची के आधार पर चुनाव कराने की ठोस व्यवस्था लागू करने की मांग रखी गई।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथों में 'वोट चोर गद्दी छोड़', 'अब तो यही स्पष्ट है, ज्ञानेश कुमार भ्रष्ट है', 'लोकतंत्र बचाओ', 'ज्ञानेश कुमार को हटाओ' जैसे नारे लिखी तख्तियां थीं।प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र मोनू लोक्स, युवक कांग्रेस अध्यक्ष मन्नू बन्ना, योगेश प्रजापति, संदीप चौधरी, ब्रजेश मित्तल,हिदायतुल्ला खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।