नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच दौरे से पहले रविवार को जिले की सियासत गरमा गई। गांधीसागर अभयारण्य में चीता प्रोजेक्ट के तहत चीतों को छोड़े जाने के कार्यक्रम से पहले पुलिस ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया। उनके घर के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है।
सुबह के समय कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा पुलिस बल के साथ बाहेती के आवास पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी के बाद बाहेती को घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया। आवास के मुख्य द्वार पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद शहर में राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन या काले झंडे दिखाए जाने की आशंका के चलते पुलिस ने यह कदम उठाया है। हालांकि पुलिस की ओर से कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था में जुटे हुए हैं। ऐसे में कांग्रेस जिलाध्यक्ष को घर में नजरबंद किए जाने से राजनीतिक माहौल और गरमा गया है।एक ओर गांधीसागर में मुख्यमंत्री के हाथों चीतों को जंगल में छोड़े जाने का बड़ा कार्यक्रम होना है, वहीं दूसरी ओर नीमच शहर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष के आवास के बाहर पुलिस बल की तैनाती चर्चा का विषय बनी हुई है। कांग्रेस खेमे में इस कार्रवाई को लेकर नाराजगी की स्थिति है।स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी यह कार्रवाई चर्चा का केंद्र बनी हुई है।