नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। मध्यप्रदेश के सागर जिले में संदिग्ध जहरीली शराब से हुई मौतों और बालाघाट जिले में संक्रामक बीमारियों व कुपोषण से मासूम बच्चों की मौत के मामलों को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इसी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी नीमच ने शनिवार को राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन से भारत माता चौराहे तक पैदल मार्च निकाला और बारिश के बीच सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रावण रूपी 10 सिरों वाले पुतले का दहन किया। पुतला दहन रोकने के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।गांधी भवन में संगठनात्मक बैठक के बाद कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां तथा 10 सिरों वाला विशेष पुतला लेकर सड़क पर उतरे। कांग्रेस का पैदल मार्च भारत माता चौराहे की ओर बढ़ा। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण लोगों की भीड़ बिखर गई और कुछ ही कार्यकर्ता सड़क पर डटे रहे। बारिश कुछ धीमी होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता दोबारा भारत माता चौराहे पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस द्वारा तैयार किया गया 10 सिरों वाला रावण रूपी कटआउट आकर्षण का केंद्र रहा। इसके मुख्य हिस्से में मुख्यमंत्री मोहन यादव का चेहरा दर्शाया गया था, जबकि अन्य सिरों पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, विश्वास सारंग, निर्मला भूरिया, राजेंद्र शुक्ला और प्रहलाद पटेल के चेहरे लगाए गए थे। पुतले पर ‘जहरीली शराब से मौतें’, ‘नवजात बच्चों की मौत’ और ‘सरकारी लापरवाही’ जैसे नारे लिखे गए थे। पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड की मौजूदगी के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत माता चौराहे पर दो पुतलों का दहन कर दिया।पुतला दहन रोकने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया था। पुतला छीनने और आग बुझाने के प्रयास के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा सहित पुलिस जवानों के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला जलाने में सफल रहे।पूर्व नीमच-मंदसौर लोकसभा प्रत्याशी दिलीप सिंह गुर्जर ने बच्चों की मौत के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मामले में कोई भाजपा नेता जवाबदारी लेने को तैयार नहीं है और विरोध के बाद ऐसे मामलों को दबा दिया जाता है।जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने मध्यप्रदेश सरकार को विफल बताते हुए सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों और कुपोषण से बच्चों की मौतों का मुद्दा उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सरकार व्यवस्था संभालने में सक्षम नहीं है तो मुख्यमंत्री को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। इसी मांग को लेकर नीमच में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन किया।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की लापरवाही के कारण एक ओर जहरीली शराब से लोगों की जान जा रही है, वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की बदहाली के चलते मासूम बच्चों की मौत हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जब तक मौतों के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती और पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस का आंदोलन सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।सुसनेर विधायक भैरो सिंह बापू ने बच्चों की मौत को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 35 परिवार उजड़ गए हैं और इसकी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री मोहन यादव को लेनी चाहिए। उन्होंने शराब माफिया के बढ़ते प्रभाव को लेकर भी सरकार को घेरा और मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की।प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस प्रभारी एवं सुसनेर विधायक भैरो सिंह बापू, पूर्व विधायक दिलीप सिंह गुर्जर,प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा, हिमांशु जोशी एवं राजीव देवड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।