नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर बढ़ती महंगाई के विरोध में गुरुवार को नीमच में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। फव्वारा चौक पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती एवं शहर ब्लॉक कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकत्रित हुए। यहां पहले धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चूल्हे पर बिना शक्कर की फीकी चाय बनाकर महंगाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया और आम नागरिकों को शक्कर वितरित की। इसके बाद पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में ठेला गाड़ी पर बाइक रखकर उसकी प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए।कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने सागर मंथन से कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राखी जैसे त्योहार के समय शक्कर के भाव करीब 72 रुपए किलो तक पहुंच गए हैं। पेट्रोल के दामों में लगातार बढ़ोतरी से आम आदमी परेशान है, जबकि रसोई गैस के दाम भी करीब एक हजार रुपए तक पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई का सीधा असर आम परिवारों की रसोई और बजट पर पड़ रहा है।बाहेती ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर पूरे मध्यप्रदेश के साथ नीमच जिले में भी यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर केंद्र सरकार की वादा खिलाफी और महंगाई के मुद्दे को जनता के बीच रख रहे हैं। उन्होंने सरकार से आम जनता को महंगाई से राहत देने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र लोक्स, गजेंद्र यादव, ओम दीवान, बाबू सलीम, बबली तंवर, योगेश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।