सेना पर आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में आप का प्रदर्शन, मंत्रियों की बर्खास्तगी की माँग
20 May 2025
राजनीतिक
नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।सेना के खिलाफ कथित आपत्तिजनक बयान देने वाले मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह और उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को बर्खास्त करने की माँग को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा राज्यभर में विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया गया है।इसी क्रम में मंगलवार 20 मई को नीमच में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रानी अग्रवाल के निर्देश पर सुबह 11:30 बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान, चीन और तुर्की के झंडे तथा मंत्री विजय शाह का पोस्टर सड़क पर चिपकाया और उनके ऊपर से वाहन चलवाए। साथ ही उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री विजय शाह के पोस्टरों को जलाकर विरोध दर्ज किया गया।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सेना के खिलाफ की गई टिप्पणियाँ न केवल अनुचित हैं, बल्कि देश की सुरक्षा व्यवस्था और सेना के मनोबल को प्रभावित करने वाली हैं। ऐसे मंत्रियों को सरकार में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे सरकार की मंशा पर भी सवाल उठते हैं।विरोध प्रदर्शन के पश्चात आप कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन कलेक्टर प्रतिनिधि तहसीलदार को सौंपा, जिसमें दोनों मंत्रियों की तत्काल बर्खास्तगी की माँग की गई। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।