नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नीमच में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने परीक्षा परिणाम में गड़बड़ियों के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। छात्रों ने आंखों पर काली पट्टी बांधकर महाविद्यालय परिसर में विरोध जताया और इसके बाद कॉलेज प्राचार्य के माध्यम से विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के कुलसचिव (परीक्षा) के नाम ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में परिषद ने बताया कि महाविद्यालय परीक्षा केंद्र क्रमांक 301 के स्नातक एवं स्नातकोत्तर सभी विषयों के घोषित परीक्षा परिणामों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को सप्लीमेंट्री, डब्ल्यू.एच. (Withheld) और एबीएस (Absent) दर्शाया गया है। परिषद का आरोप है कि परिणामों में तकनीकी अथवा मूल्यांकन संबंधी त्रुटियों की आशंका है, क्योंकि कई विद्यार्थियों को एक ही विषय में अप्रत्याशित रूप से अनुत्तीर्ण घोषित किया गया है।एबीवीपी के अध्यक्ष अमन पांडे ने कहा कि यदि समय रहते परीक्षा परिणामों की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो अनेक विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय से परिणामों की पुनः जांच कराने तथा आवश्यक होने पर पुनर्मूल्यांकन या पुनः परीक्षा कराने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आंखों पर काली पट्टी बांधकर यह संदेश दिया कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की समस्याओं और परिणामों में हुई त्रुटियों के प्रति "आंखें मूंदे" हुए है। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उचित कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र संगठन आंदोलन को और तेज करेगा।