नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।जीरन तहसील क्षेत्र के ग्राम चल्दु निवासी किसान भोपाल सिंह पिता गोवर्धन सिंह राजपूत ने कृपा एथेनॉल फैक्ट्री पर रासायनिक अपशिष्ट एवं केमिकल से कृषि भूमि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर नीमच के नाम ज्ञापन सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन के दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच महेंद्र सिंह शक्तावत, पीड़ित किसान तथा अन्य ग्रामीण भी उपस्थित रहे।किसान द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि ग्राम चंगेरी तहसील मल्हारगढ़ स्थित उसकी कृषि भूमि (सर्वे नंबर 43, रकबा 0.53 हेक्टेयर) के समीप संचालित कृपा बॉयल्स एथेनॉल फैक्ट्री से निकलने वाला रासायनिक अपशिष्ट एवं केमिकल खेतों तक पहुंच रहा है। इससे भूमि की उर्वरता प्रभावित हो रही है और खेत धीरे-धीरे बंजर होने की स्थिति में पहुंच रहे हैं। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि फैक्ट्री से निकलने वाले रसायनों के कारण जल स्रोत दूषित हो रहे हैं, वायु प्रदूषण बढ़ रहा है तथा आसपास के पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। किसान ने यह भी दावा किया कि दूषित पानी के कारण जंगली पशुओं की मौत होने की घटनाएं भी सामने आई हैं।ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदूषण के चलते फसल,पानी और पर्यावरण को लगातार नुकसान हो रहा है,जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। किसान ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए कृपा बॉयल्स एथेनॉल फैक्ट्री के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा कृषि भूमि में पहुंच रहे रासायनिक अपशिष्ट का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।।