नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। सावन माह के पावन अवसर पर नीमच के राजाधिराज भगवान श्री किलेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी आगामी 17 अगस्त 2026,सोमवार को पूरे धार्मिक वैभव और श्रद्धा के साथ निकाली जाएगी।महाकाल की तर्ज पर आयोजित होने वाली इस दिव्य धार्मिक यात्रा को लेकर शहरभर में उत्साह का माहौल है। युवा समाज सेवी अरुल अशोक अरोरा के मार्गदर्शन एवं सानिध्य तथा शाही सवारी के मुख्य सूत्रधार गोपाल गर्ग (जीजी) के नेतृत्व में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।शाही सवारी का प्रस्थान श्री किलेश्वर महादेव मंदिर से सायं 4 बजे होगा।शाही सवारी के मुख्य सूत्रधार गोपाल गर्ग (जीजी) ने बताया कि इस वर्ष सवारी को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सवारी में राजसी रथ,डांडिया-डमरू पार्टी, विशाल नंदी, राधाकृष्ण एवं बाहुबली हनुमान की झांकियां, अघोरी स्वरूप,नरमुंड धारण किए भोलेनाथ, नासिक की ढोल पार्टी, विद्युत चलित झांकियां तथा भव्य आतिशबाजी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।आयोजकों के अनुसार भगवान श्री किलेश्वर महादेव नगर भ्रमण कर भक्तों को दर्शन देंगे और पूरे शहर में भक्ति, आस्था एवं उत्सव का वातावरण निर्मित होगा। शाही सवारी मार्ग पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा स्वागत,पुष्पवर्षा और सेवा कार्य किए जाएंगे।आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शाही सवारी में शामिल होकर भगवान श्री किलेश्वर महादेव के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। हर-हर महादेव के जयघोष के साथ एक बार फिर पूरा नीमच शिवभक्ति के रंग में रंगने को तैयार है।