नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को गोमाबाई रोड से एलआईसी चौराहा होते हुए अम्बेडकर मार्ग तक व्यापक कार्रवाई करते हुए फुटपाथ और सड़कों पर किए गए अवैध अतिक्रमण हटाया गया। वहीं नगर पालिका ने स्टेडियम परिसर की दुकानों के बाहर किए गए अवैध कब्जों को भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में कहीं भी सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।सोमवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत नगर पालिका की टीम ने सड़क और फुटपाथ पर किए गए अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान करीब एक दर्जन  गुमटियां जब्त की गईं। इसके अलावा सड़क किनारे लगाए गए प्रचार बोर्ड तथा दो ट्रॉली रेत भी जब्त की गई।मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने सागर मंथन को बताया कि कार्रवाई से पहले अतिक्रमणकर्ताओं को कई बार समझाइश दी गई थी। उन्हें चलित ठेलों एवं वैकल्पिक व्यवस्था अपनाने की सलाह भी दी गई थी,लेकिन इसके बावजूद कई लोगों ने पक्के निर्माण कर लिए और एक ही स्थान पर दो-दो एवं तीन-तीन ठेले तथा गुमटियां लगाकर सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर लिया था। इससे यातायात प्रभावित हो रहा था और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।सीएमओ दुर्गा बामनिया ने बताया कि जिला सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशानुसार शहर की प्रमुख सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। इसी क्रम में स्टेडियम परिसर की दुकानों के बाहर किए गए अवैध अतिक्रमणों को लेकर अधीनस्थ अधिकारियों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।कार्रवाई के दौरान सागर मंथम एसडीएम पराग जैन, नायब तहसीलदार संजय मालवीय, नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया, टेकचंद बुनकर,महावीर जैन,हेमंत कलोशिया, स्वच्छता निरीक्षक सहित नगर पालिका का अमला मौजूद रहा।नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण विरोधी अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।