नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिला अस्पताल में 10 वर्षीय बालिका के साथ छेड़छाड़ की घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है।मामले में प्रकाशित समाचार के बाद शनिवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर अतिरिक्त कलेक्टर बी एस कलेश एवं एसडीएम पराग जैन जिला अस्पताल पहुंचे और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच शुरू की।अधिकारियों ने अस्पताल में आरएमओ डॉ. मनीष यादव,सीएमएचओ डा प्रसाद,दो संगीता भारती, होस्पिटलम मैनेजमेंट एवं अन्य चिकित्सकों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, संवेदनशील वार्डों में प्रवेश व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। अतिरिक्त कलेक्टर बी एस कलेश ने मीडिया से चर्चा में बताया कि वायरल वीडियो के संबंध में तथ्यों की जानकारी लेने और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करने के लिए जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों एवं संबंधित अधिकारियों से चर्चा के बाद ही पूरे मामले पर स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।बैठक के दौरान जिला अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं को भी अधिकारियों के समक्ष रखा गया। इसी दौरान चिकित्सक डॉ.संगीता भारती ने एसएनसीयू (SNCU) वार्ड के बाहर दो महिलाओं द्वारा कपड़ों की दुकान लगाकर किए गए अतिक्रमण का मुद्दा भी अधिकारियों के समक्ष उठाया। इस पर अतिरिक्त कलेक्टर ने संबंधित स्थान का निरीक्षण कर मामले को भी जांच में शामिल करने की बात कही।वही अस्पताल की अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर भी अतिरिक्त कलेक्टर बीएस कॉलेज को अवगत कराया गया है जिस पर उन्होंने मामले को दिखवाने की बात कही है और व्यवस्था सुधारने के निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए हैं।
गौरतलब है कि 26 जुलाई को जिला अस्पताल के महिला वार्ड में भर्ती एक मरीज की 10 वर्षीय बालिका के साथ छेड़छाड़ की घटना का सीसीटीवी फुटेज 30 जुलाई को सामने आया था। पीड़ित परिवार ने अस्पताल प्रबंधन को आवेदन देकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। घटना के बाद अस्पताल में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश, सुरक्षा गार्डों की निगरानी, संवेदनशील वार्डों में नियंत्रण, मोबाइल चोरी, अनधिकृत प्रचार-प्रसार और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी कई सवाल उठे थे।प्रशासनिक जांच शुरू होने के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रशासन क्या कदम उठाता है।