नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। राव भाट समाज के प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव गुरुवार को मंदसौर जिले के भैंसाखेड़ा स्थित श्री माताजी धाम परिसर में शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।चुनाव में मंदसौर जिले के पिपलिया सोलंकी निवासी घनश्याम वर्मा ने शानदार जीत दर्ज करते हुए प्रदेश अध्यक्ष का पद हासिल किया। समाज के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने फूल-मालाओं, गुलाल और मिठाई खिलाकर नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवार मैदान में थे। पहले प्रत्याशी घनश्याम वर्मा (पिपलिया सोलंकी, मंदसौर) तथा दूसरे प्रत्याशी इंदौर जिले के लिम्बोदा गायरी निवासी संजू बामनिया थे। कुल 36 मतों में से 34 मत डाले गए। इनमें घनश्याम वर्मा को 30 मत प्राप्त हुए, जबकि संजू बामनिया को 3 मत मिले। एक मत निरस्त होने की जानकारी भी सामने आई। इस प्रकार घनश्याम वर्मा ने 27 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभाला।चुनाव प्रक्रिया में नीमच, मंदसौर और प्रतापगढ़ जिलों के जिला अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नगर अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंदसौर जिला अध्यक्ष गोपाल मेनावत, नीमच जिला अध्यक्ष रमेश बामनिया, प्रतापगढ़ जिला अध्यक्ष मुकेश बामनिया सहित तीनों जिलों के पदाधिकारी, समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं एवं समाजबंधु शामिल हुए।
नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने अपने संबोधन में समाज के सभी मतदाताओं एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे राव समाज की एकता और विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि समाज ने जिस भरोसे के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने, संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज के हितों के लिए प्रभावी कार्य करने का संकल्प दोहराया।उन्होंने कहा कि समाज के आरक्षण सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा। साथ ही प्रदेश, जिला एवं नगर स्तर की कार्यकारिणी का गठन कर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा। जो पदाधिकारी सक्रिय नहीं हैं, उनके स्थान पर समाजहित में कार्य करने वाले लोगों को जिम्मेदारी देने पर भी विचार किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी समाजजनों ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। चुनाव शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होने पर सभी पदाधिकारियों ने इसे समाज की एकता का प्रतीक बताया।