नीमच।महेन्द्र उपाध्याय।देशभर में चलाए जा रहे गौ सम्मान आवाहन अभियान के तहत आगामी 27 जुलाई को नीमच जिला मुख्यालय पर भव्य आयोजन किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जिले की 59 गौशालाओं से आकर्षक झांकियां, रथ और गौ सेवकों की विशाल सहभागिता देखने को मिलेगी। आयोजन में 20 हजार से अधिक गौ सेवकों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।इस संबंध में रविवार को शहर के गायत्री मंदिर स्थित परिसर हॉल में आयोजित पत्रकार वार्ता में अभियान के प्रदेश प्रभारी गोशर्णानंद जी महाराज और उज्जैन संभाग प्रभारी शंकर सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गौ सम्मान आवाहन अभियान पूरे देश के 790 जिलों में चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य गौ माता के संरक्षण और संवर्धन को लेकर जनजागरण करना है।
उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान प्रदेश और केंद्र सरकार को तीन लाख से अधिक हस्ताक्षरयुक्त मांग पत्र सौंपे जाएंगे। सुबह 8 बजे से 10 बजे तक विजय नाम संकीर्तन का आयोजन होगा। इसके बाद शहर में भव्य गौ सम्मान यात्रा निकाली जाएगी,जिसमें विभिन्न गौशालाओं की झांकियां और सुसज्जित रथ विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। अभियान के अध्यक्ष के रूप में नंदी बाबा नीलमणि वृषभदेव को तथा प्रधान संरक्षक के रूप में गौ माता आदिशक्ति मां सुरभि को प्रतीक स्वरूप स्थापित किया गया है। अभियान के माध्यम से गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने, देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ संरक्षण के लिए केंद्रीय कानून बनाने तथा अलग से गौ मंत्रालय गठित करने जैसी प्रमुख मांगें उठाई जा रही हैं।आयोजकों ने बताया कि यह अभियान केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी गौ आधारित परंपराओं को मजबूत करने का प्रयास भी है। आयोजन को लेकर जिलेभर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और विभिन्न गौशालाओं तथा सामाजिक संगठनों से संपर्क किया जा रहा है। गांव गांव जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाए जा रहे हैं जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं कार्यक्रम को लेकर दायित्व अभी सौंपे गए हैं विभिन्न क्षेत्रों में बैठकों का दौर भी चल रहा है।







